प्रशासनमध्यप्रदेश

जनता की आवाज पर एक्शन: जनसुनवाई में 157 मामलों पर कलेक्टर सख्त, अफसरों को दिए तुरंत समाधान के निर्देश 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनता की आवाज पर एक्शन: जनसुनवाई में 157 मामलों पर कलेक्टर सख्त, अफसरों को दिए तुरंत समाधान के निर्देश 

कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने 157 आवेदकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

किराएदार को न्याय दिलाने के निर्देश

शहर के पहरुआ क्षेत्र निवासी 69 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी तुलसीदास वर्मा ने मकान मालिक द्वारा प्रताड़ना की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मकान मालिक ने अचानक बिजली-पानी की सुविधा बंद कर दी और घर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, जिससे उनका पूरा सामान अंदर बंद हो गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई कर पीड़ित को राहत दिलाने के निर्देश दिए।

वृद्ध दंपत्ति को पेंशन दिलाने के आदेश

ग्राम पौंसरा निवासी चेतराम यादव ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए वृद्धावस्था पेंशन की मांग की। इस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत के अधिकारियों को पात्रता अनुसार शीघ्र पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

जरूरतमंद को राशन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश

लाल बहादुर शास्त्री वार्ड के मनोज कुशवाहा ने स्वयं को भूमिहीन बताते हुए राशन पर्ची बनवाने की मांग की। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को मामले का परीक्षण कर तत्काल सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जमीन कब्जा और फसल कटाई पर सख्ती

ग्राम चरगवां निवासी अनिरुद्ध तिवारी ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जा और फसल काटे जाने की शिकायत दर्ज कराई। साथ ही जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम बहोरीबंद को जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में आने वाली हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button