Blogमध्यप्रदेश

एमपी के कटनी में जिला पंचायत के लेखापाल ने रिश्वत मे सचिव से बहाली के एवज में मांगा 54 हजार का मोबाइल, लोकायुक्त ने रंगेहाथों पकड़ा

कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

मध्यप्रदेश के कटनी जिले में जिला पंचायत के लेखापाल को लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। लेखापाल रिश्वत में 54 हजार रुपये का मोबाइल मांग रहा था और इस मोबाइल के पैसे किस्तों में देने पर सौदा तय हुआ था।

रिश्वत में मांगा 54 हजार रुपये का मोबाइल

कटनी जिला पंचायत कार्यालय की स्थापना शाखा में पदस्थ लेखापाल सतेन्द्र सोनी को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने गुरुवार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा है। रिश्वतखोर लेखापाल सतेन्द्र सोनी कटनी जिले की बडवारा तहसील के निगहरा गांव के रहने वाले आशीष दुबे से उसकी बहाली के एवज में रिश्वत के तौर पर 54 हजार रुपये के मोबाइल की मांग कर रहे थे। आशीष दुबे ने एक साथ 54 हजार रुपये न दे पाने की बात कही तो किस्तों में पैसा देना तय हुआ। पहली किस्त के रूप में 5000 रुपये तथा फरवरी का वेतन मिलने पर 10000 रुपये एवं शेष राशि बहाल होने पर वेतन मिलने के उपरांत किस्त के रूप में देना तय हुआ।

लोकायुक्त ने रंगेहाथों पकड़ा

लेखापाल सतेन्द्र सोनी के द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत फरियादी आशीष दुबे ने लोकायुक्त जबलपुर कार्यालय में की। लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर गुरुवार 26 फरवरी को रिश्वत की पहली किस्त के 5 हजार रुपये देने के लिए फरियादी को रिश्तखोर लेखापाल के पास भेजा। जिला पंचायत कार्यालय में जैसे ही लेखापाल ने फरियादी से रिश्वत के रुपये लिए तो सादे कपड़ों में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों धरदबोचा। जब लोकायुक्त टीम ने लेखापाल सत्येन्द्र सोनी के हाथ धुलवाये तो कैमिकल लगे नोट पकड़ने के कारण उनके हाथ गुलाबी हो गए।

Related Articles

Back to top button