मध्यप्रदेश के सिंगरौली में हुआ भीषण हादसा। खदान धंसने से कई लोग दब गए। बताया जा रहा है कि सिंगरौली की छुई की खदान धंस गई जिससे कुछ की मौत हो गई जबकि कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। छुई की खदान से खड़िया यानि सफेद मिट्टी निकालने के दौरान ये हादसा हुआ। आधिकारिक जानकारी के अनुसार सिंगरौली की छुई की खदान धंसने से 5 लोग दब गए। इनमें से 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में अभी तक 3 लोगों की मौत की खबर है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर हालात का जायजा ले रहे हैं।
खदान धंसने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। छुई खदान में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कवायद शुरु की गई। पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही कई प्रशासनिक अधिकारी भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचे।
5 महिलाएं एवं बच्चियां खुरपी लेकर मिट्टी खोदने गए थे
सुबह करीब 11:21 बजे थाना जियावन चौकी कुंदवार के अंतर्गत परसोहर से सूचना प्राप्त हुई कि गांव में स्थित छुई (पोतने वाली मिट्टी) खदान में अचानक मिट्टी धंस गई। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि खदान में 5 महिलाएं एवं बच्चियां खुरपी लेकर मिट्टी खोदने गए थे। एकाएक खदान धंसने से वे मिट्टी में दब गए। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों, परसोहर सरपंच एवं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 2 महिलाओं को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। हालांकि 2 बालिकाओं व एक महिला को नहीं बचा सके, इन तीनों को मृत अवस्था में निकाला गया।