रात-दिन एक कर रोशनी पहुंचाने वाले असली हीरो का सम्मान लाइनमैन दिवस पर बिजली कर्मचारियों का हुआ भव्य सम्मान समारोह
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रात-दिन एक कर रोशनी पहुंचाने वाले असली हीरो का सम्मान लाइनमैन दिवस पर बिजली कर्मचारियों का हुआ भव्य सम्मान समारोह
कलयुग की कलम कटनी -विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए दिन-रात विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने वाले बिजली कर्मचारियों के सम्मान में 7 मार्च को लाइनमैन दिवस मनाया गया। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण एवं विद्युत मंत्रालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत सभी जिलों में सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इसी क्रम में एम.पी.ई.बी. अधीक्षण अभियंता वृत्त कार्यालय कटनी प्रांगण में भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता अलीम खान तथा अधीक्षण अभियंता कटनी वृत्त डी.एन. चौकीकर की गरिमामयी उपस्थिति में समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता डी.एन. चौकीकर ने प्रबंध संचालक अजय गुप्ता द्वारा भेजे गए संदेश का वाचन करते हुए सभी लाइनमैन कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और उनके समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके बाद शहर संभाग के कार्यपालन अभियंता मुकेश मोहबे ने उपस्थित कर्मचारियों को कंपनी द्वारा जारी सुरक्षा शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान कंपनी के प्रति निष्ठा और ईमानदारी से सेवा देने वाले तीन सेवानिवृत्त कर्मचारियों—दीपचन्द्र राय, जगजीवन सिंह और केपी चौबे—को सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए सहकर्मियों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न संभागों के अधिकारियों ने कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और कार्य के दौरान “जीरो टोलरेंस” नीति अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम में कटनी वृत्त के तीनों संभागों के करीब 50 नियमित एवं बाह्य-स्त्रोत कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कटनी शहर में पदस्थ लाइन कर्मचारी दशरथ पाण्डे को भी केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए कंपनी की ओर से विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
अधीक्षण अभियंता डी.एन. चौकीकर ने अपने संबोधन में कहा कि आंधी-तूफान और विपरीत परिस्थितियों में भी बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में लाइन कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा राजस्व संग्रहण जैसे लक्ष्यों को पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता अलीम खान, कार्यपालन अभियंता शरद विश्वकर्मा, शैलजा सिंह चौहान, मुकेश मोहबे, सुशीला सिंह मसराम, सहायक अभियंता अभिषेक गढ़ेवाल सहित कनिष्ठ अभियंता संदीप यादव, राजू पाण्डे, स्वामी यादव, विमल मिश्रा, मनोज तिवारी तथा विभिन्न वितरण केंद्रों के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



