मां कर्मा देवी जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब: सिलौंडी-नेगाई में निकली भव्य शोभायात्रा, साहू समाज की बड़ी भागीदारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मां कर्मा देवी जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब: सिलौंडी-नेगाई में निकली भव्य शोभायात्रा, साहू समाज की बड़ी भागीदारी
कलयुग की कलम सिलौंडी – साहू समाज की आराध्य देवी मां कर्मा देवी की जयंती के अवसर पर सिलौंडी और नेगाई क्षेत्र में रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उत्साह से भरी इस शोभायात्रा में साहू समाज के महिला-पुरुष, युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्ति और जयकारों का माहौल बना रहा।
शोभायात्रा का शुभारंभ सिलौंडी स्थित शिव मंदिर झंडा चौक से किया गया। यहां से यात्रा सोसायटी मार्ग होते हुए बस स्टैंड, शिव चौक और मुख्य मार्ग से होकर नेगाई के खेरमाता मंदिर परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। रास्ते भर श्रद्धालु मां कर्मा देवी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने मां कर्मा देवी के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मां कर्मा देवी साहू समाज की आराध्य देवी होने के साथ ही भक्ति, सेवा और त्याग की प्रतीक मानी जाती हैं। उनका जीवन समाज सेवा और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति को समर्पित रहा।
जानकारी के अनुसार मां कर्मा देवी का जन्म वर्ष 1615 में राजस्थान के नागौर जिले के कलवा गांव में हुआ था। उनके पिता जीवनराम डूडी धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और परिवार का वातावरण भी अत्यंत आध्यात्मिक था। बचपन से ही मां कर्मा देवी भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त थीं और उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन प्रभु भक्ति तथा समाज सेवा में समर्पित कर दिया।
बताया जाता है कि मां कर्मा देवी ने अपने जीवनकाल में गरीबों, जरूरतमंदों और दीन-दुखियों की सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया। इसी कारण आज भी साहू समाज सहित अनेक श्रद्धालु उन्हें श्रद्धा और भक्ति के साथ याद करते हैं। हर वर्ष चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को उनकी जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है।
इस अवसर पर सिलौंडी, नेगाई, अतरसुमा, गोपालपुर सहित आसपास के कई गांवों से साहू समाज के वरिष्ठजन और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मां कर्मा देवी से समाज में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की। पूरे आयोजन में समाज के युवाओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।



