कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड में 7वीं कक्षा के नाबालिग छात्र को महिला टीचर ने झाड़ू ना लगाने पर डंडे से पीटा, माता-पिता ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
कटनी- जिले से गुरु शिष्य के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जनपद शिक्षा केंद्र ढीमरखेड़ा की शासकीय माध्यमिक शाला गांव गनियारी से सामने आया है। यहां महिला अतिथि शिक्षक देवती बर्मन ने स्कूल के एक छात्र को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीट डाला, क्योंकि छात्र ने तबियत ठीक न लगने के कारण झाड़ू लगाने से इंकार कर दिया था।
सांतवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र से अतिथि महिला शिक्षक देवती बर्मन ने कक्षा में झाड़ू लगाने को कहा था। तबियत ठीक न लगने के कारण जब छात्र ने झाड़ू लगाने से इंकार किया तो महिला शिक्षक गुस्से में आग बबूला हो गईं। उन्होंने अपना आपा खोते हुए छात्र को लाठी से बर्बरता से पीट दिया। टीचर की पिटाई से नाबालिग छात्र के बाएं हाथ की हथेली और पीठ पर लाठी से नीले निशान उभर आए हैं। गनीमत रही कि उसकी हड्डी नहीं टूटी। पिटाई के बाद छात्र ने घर पहुंचकर अपने माता-पिता को इसकी सूचना दी।
माता-पिता ने दर्ज कराई शिकायत
बच्चे के साथ हुई बर्बरता की शिकायत लेकर छात्र के माता-पिता ढीमरखेड़ा पुलिस थाने पहुंचे और उन्होंने अतिथि महिला शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासकीय माध्यमिक शाला प्रभारी लखन बगरी से फ़ोन में बात की, साथ ही संबंधित शिक्षक को लेकर थाने आने को कहा। थाने से फोन पहुंचने के बाद तुरंत ही अतिथि महिला शिक्षक देवती बर्मन थाने पहुंची। जहां उन्होंने छात्र के साथ साथ उनके माता-पिता से माफ़ी मांगी, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।