कटनी में जन अभियान परिषद की बड़ी पहल कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, आदर्श ग्राम व युवा सशक्तिकरण पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में जन अभियान परिषद की बड़ी पहल कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, आदर्श ग्राम व युवा सशक्तिकरण पर जोर
कलयुग की कलम कटनी -मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड़ ने कटनी जिले के भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सभागार में नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य परिषद की योजनाओं को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा।
बैठक में ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को कम करने, आजीविका संसाधनों का विस्तार करने तथा बच्चों को बाल संस्कार केंद्रों और गतिविधि आधारित कार्यक्रमों से जोड़कर संस्कारयुक्त एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा देने पर विशेष चर्चा की गई।
नवांकुर संस्थाओं के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को सशक्त बनाने हेतु सेक्टर स्तर पर लघु रोपणियां (नर्सरी) तैयार करने, गौशाला निर्माण को प्रोत्साहन, प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार, युवाओं की प्रतिभा पहचान तथा परंपरागत एवं गैर-परंपरागत सृजनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
कटनी प्रवास के दौरान कार्यपालक निदेशक विकासखंड रीठी के ग्राम परौहा पिपरिया भी पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य शासन द्वारा जन अभियान परिषद के माध्यम से विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्ध-घुमंतु परिवारों के चिन्हांकन हेतु चल रहे सर्वे की जानकारी ली और संबंधित परिवारों से संवाद किया।
डॉ. लाड़ ने कहा कि परिषद का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा ग्राम स्तर पर सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि तैयार की गई कार्ययोजना परिषद की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर संभाग समन्वयक रवि बर्मन, जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, सभी विकासखंड समन्वयक, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे।



