प्रशासनमध्यप्रदेश

आधुनिक खेती से बढ़ेगी आमदनी: लालपुर में कृषि रथ पहुंचा, वैज्ञानिकों ने किसानों को सिखाए उन्नत तरीके 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

आधुनिक खेती से बढ़ेगी आमदनी: लालपुर में कृषि रथ पहुंचा, वैज्ञानिकों ने किसानों को सिखाए उन्नत तरीके 

कलयुग की कलम सिलौंडी -ग्राम पंचायत लालपुर में कृषि कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि रथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को आधुनिक और लाभकारी खेती के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य खेती को वैज्ञानिक आधार पर मजबूत बनाना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना रहा।

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. एस. के. तोमर ने किसानों को मिट्टी परीक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भूमि की उर्वरता के अनुसार फसल चयन करने से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बढ़ते हैं। सहायक संचालक उर्मिला धुर्वे ने नरवाई प्रबंधन, उन्नत बीज चयन एवं जैविक खेती अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जैविक पद्धतियां लागत कम करने के साथ मिट्टी की सेहत भी सुधारती हैं।

इस अवसर पर सरपंच मीना मोहन सिंह बागरी, जनपद पंचायत सदस्य निरंजन खटीक, सचिव मथुरा प्रसाद तिवारी, रोजगार सहायक शैलेंद्र बागरी तथा वरिष्ठ कृषि अधिकारी आर.एस. श्याम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अश्वनी पटेल और निशा सोलंकी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रगतिशील किसान हरेंद्र सिंह बागरी की इंडो-अमेफिन धनिया फसल का प्रदर्शन रहा। लगभग 5 फीट ऊंची इस धनिया फसल का वजन 8 से 10 किलो तक पाया गया, जिसने किसानों को उन्नत तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। किसानों ने फसल की गुणवत्ता और उत्पादन देखकर आधुनिक खेती पद्धतियों के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं के समाधान प्राप्त किए। ग्रामीणों ने इस पहल को खेती में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कृषि रथ के माध्यम से दी गई जानकारी किसानों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध हो रही है और क्षेत्र में वैज्ञानिक खेती की नई सोच को बढ़ावा मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button