विकासखंड ढीमरखेड़ा में उन्नत खेती की नई पहल: सब सॉइलर से बदलेगी मिट्टी की सेहत, किसानों को मिलेगा ज्यादा उत्पादन“समृद्ध किसान–समृद्ध मध्यप्रदेश” अभियान के तहत गांव-गांव पहुंच रहा कृषि रथ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

विकासखंड ढीमरखेड़ा में उन्नत खेती की नई पहल: सब सॉइलर से बदलेगी मिट्टी की सेहत, किसानों को मिलेगा ज्यादा उत्पादन“समृद्ध किसान–समृद्ध मध्यप्रदेश” अभियान के तहत गांव-गांव पहुंच रहा कृषि रथ
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत संचालित “समृद्ध किसान–समृद्ध मध्यप्रदेश” अभियान में विकासखंड ढीमरखेड़ा के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए कृषि रथ के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में यह रथ गांव-गांव पहुंचकर किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दे रहा है।
इसी क्रम में कृषि अभियांत्रिकी विभाग के उपयंत्री श्री संदीप पीपड़ा ने ग्राम पोनिया, पडरभटा और कनौजा में किसानों से संवाद कर उन्नत कृषि यंत्रों की उपयोगिता समझाई। उन्होंने विशेष रूप से सब सॉइलर यंत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लगातार ट्रैक्टर और हार्वेस्टर के उपयोग तथा रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से खेतों की मिट्टी की निचली परत कठोर होती जा रही है। इससे पानी का अवशोषण घटता है, जलभराव की समस्या बढ़ती है और भू-जल स्तर में गिरावट आती है।
उन्होंने बताया कि सामान्य कृषि उपकरण केवल ऊपरी मिट्टी को ही भुरभुरा करते हैं, जबकि सब सॉइलर 18 से 24 इंच की गहराई तक जाकर बिना ऊपरी परत को पलटे कठोर परत को तोड़ता है। इससे मिट्टी में हवा और पानी का संचार बेहतर होता है, जल धारण क्षमता बढ़ती है और गहरी जड़ों वाली फसलों को पर्याप्त पोषण मिलता है।
सब सॉइलर के उपयोग से वर्षा का पानी जमीन में गहराई तक समाहित होता है, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ती है और भू-जल स्तर में भी सुधार देखा जाता है। इसका सकारात्मक प्रभाव कुएं और बावड़ियों के जलस्तर पर भी पड़ता है। यह यंत्र जल निकासी और नमी प्रबंधन में भी सहायक है—अधिक वर्षा के समय जलभराव से फसलों की रक्षा करता है तथा कम वर्षा की स्थिति में जड़ों तक नमी बनाए रखने में मदद करता है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने और उन्नत यंत्रों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



