बिजौरी में गूंजा युवा शक्ति का संदेश: एनएसएस शिविर में स्वच्छता, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प मतदाता जागरूकता से लेकर नशा मुक्ति तक चलाए अभियान, विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने दिया प्रेरणादायी संदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिजौरी में गूंजा युवा शक्ति का संदेश: एनएसएस शिविर में स्वच्छता, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का संकल्प मतदाता जागरूकता से लेकर नशा मुक्ति तक चलाए अभियान, विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने दिया प्रेरणादायी संदेश
कलयुग की कलम कटनी -प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन बिजौरी ग्राम में सेवा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल देखने को मिली। स्वयंसेवकों ने जहां शिविर परिसर की साफ-सफाई की, वहीं गांव में पहुंचकर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया।

स्वयंसेवकों ने मतदाता जागरूकता, नशा मुक्ति, बाल संरक्षण, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर बच्चों की देखभाल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पौष्टिक आहार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। बच्चों को बेहतर वातावरण और संतुलित पोषण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
“स्वस्थ युवा ही बनाएगा सशक्त राष्ट्र” – विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह
शिविर के दौरान बड़वारा विधायक माननीय श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह का आगमन हुआ। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा, “पहले स्वयं को स्वस्थ और चरित्रवान बनाइए, तभी आप समाज और राष्ट्र को मजबूत बना सकते हैं। स्वस्थ चरित्र में ही स्वस्थ राष्ट्र का निवास होता है।” विधायक ने युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और सकारात्मक आचरण के माध्यम से समाज में बदलाव लाने की प्रेरणा दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर अच्छे प्रयास में वे युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।
चरित्र निर्माण पर जोर
कार्यक्रम में पर्यावरणविद एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव श्री निर्भय सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से नैतिक मूल्यों को अपनाने और निरंतर आत्मविकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करते हैं।



