प्रशासनमध्यप्रदेश

224 करोड़ की बरगी परियोजना पर कलेक्टर श्री तिवारी का सख्त रुख: विजयराघवगढ़ शाखा नहर का औचक निरीक्षण, तय समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश 42 किमी लंबी नहर से 20,911 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित, बेड लेवल और लाइनिंग कार्य की मौके पर जांच

कलयुग की कलम से राकेश यादव

224 करोड़ की बरगी परियोजना पर कलेक्टर श्री तिवारी का सख्त रुख: विजयराघवगढ़ शाखा नहर का औचक निरीक्षण, तय समय में गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश 42 किमी लंबी नहर से 20,911 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित, बेड लेवल और लाइनिंग कार्य की मौके पर जांच

कलयुग की कलम कटनी -जिले में सिंचाई क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बरगी व्यपवर्तन परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन विजयराघवगढ़ शाखा नहर का मंगलवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने औचक निरीक्षण किया। लगभग 224.48 करोड़ रुपये की लागत से बन रही करीब 42 किलोमीटर लंबी इस नहर परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरखरी माइनर, गौरहा माइनर, दुरजनपुर, चरी गांव, जिजनौड़ी एवं घुरवई गांव में निर्माणाधीन कार्यों को देखा। उन्होंने मौके पर ऑटो लेवल मशीन के माध्यम से नहर के बेड लेवल का मापन कराया तथा गेट से पानी निकासी के लिए बनाई जा रही संरचनाओं की तकनीकी जांच की।

तकनीकी कार्यों की गहन समीक्षा

कलेक्टर श्री तिवारी ने गौरहा माइनर में वीआरवी (वाल्व रेगुलेटिंग व्यवस्था) का निरीक्षण किया। दुरजनपुर क्षेत्र में 36वें किलोमीटर पर चल रहे खुदाई (एक्सकेवेशन) कार्य एवं बेड लेवल की जांच की गई। वहीं 38वें किलोमीटर पर नहर की लाइनिंग कार्य का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

भू-अर्जन में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम श्री विवेक गुप्ता को निर्देश दिए कि नहर निर्माण हेतु भू-अर्जन से जुड़े लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। जिन किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है, उनसे अर्जित भूमि का कब्जा एनव्हीडीए (NVDA) को तत्काल दिलाया जाए, ताकि निर्माण कार्य में गति लाई जा सके।

सिंचाई क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ

परियोजना पूर्ण होने के बाद विजयराघवगढ़ अंचल के लगभग 20,911 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्र के किसानों को वर्ष भर सिंचाई का लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम विवेक गुप्ता, एनव्हीडीए के कार्यपालन यंत्री श्री एन.व्ही.डी.ए. सहज श्रीवास्तव, उपयंत्री आशीष अहिरवार एवं अमित कुमार साकेत, कांट्रैक्टर प्रतिनिधि संतोष तिवारी एवं सार्थक श्रीवास्तव सहित संबंधित हल्के के पटवारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button