प्रशासनमध्यप्रदेश

काम में ढिलाई नहीं चलेगी: लापरवाह कंसल्टेंट होंगे ब्लैकलिस्ट, अफसरों पर गिरेगी गाज अपर मुख्य सचिव संजय दुबे का सख्त संदेश—तारीफ के काबिल हों शहर के प्रोजेक्ट

कलयुग की कलम से राकेश यादव

काम में ढिलाई नहीं चलेगी: लापरवाह कंसल्टेंट होंगे ब्लैकलिस्ट, अफसरों पर गिरेगी गाज अपर मुख्य सचिव संजय दुबे का सख्त संदेश—तारीफ के काबिल हों शहर के प्रोजेक्ट

कलयुग की कलम कटनी -नगर निगम और नगरीय निकायों में संचालित विकास परियोजनाओं में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री संजय दुबे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन कंसल्टेंट कंपनियों और ठेकेदारों ने कार्यों में रुचि नहीं दिखाई या समय-सीमा का पालन नहीं किया, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरी हों, ताकि आमजन तारीफ करें, शिकायत नहीं।

शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने नगर निगम कटनी सहित जिले के सभी नगरीय निकायों की योजनाओं और कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर श्री आशीष तिवारी, अपर आयुक्त नगरीय विकास श्री शिशिर गेमावत, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, उपसंचालक श्री नीलेश दुबे और प्रमुख अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अमृत और सीवरेज प्रोजेक्ट में ढिलाई पर सख्ती

अपर मुख्य सचिव ने अमृत योजना और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों में हीला-हवाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कंसल्टेंट कंपनियों व ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं में देरी सीधे तौर पर जनता की सुविधा से जुड़ा मामला है, इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

लंबित आवासीय परियोजनाएं जल्द हों पूरी

प्रधानमंत्री आवास योजना (एएचपी घटक) की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने जानकारी दी कि प्रेमनगर खिरहनी बस्ती में 1444 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जिनमें से 1412 हितग्राहियों का पंजीयन कर 733 को अधिपत्य प्रदान किया जा चुका है।

बिलहरी मोड़ झिझरी फेस-2 की निर्माणाधीन परियोजनाओं को लेकर अपर मुख्य सचिव ने शेष आवास शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए।

लापरवाही पड़ी महंगी, सहायक यंत्री की दो वेतन वृद्धि रोकी

मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत कटाएघाट रिवर फ्रंट परियोजना में लापरवाही और कमजोर मॉनिटरिंग पर नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। श्री दुबे ने साफ कहा कि काम में कोताही बरतने वालों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाए।

राजस्व वसूली में सुस्ती पर नाराज़गी

नगर निगम की राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर अपर मुख्य सचिव ने गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन भवनों में आवासीय टैक्स दिया जा रहा है, लेकिन वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, उनसे व्यावसायिक कर वसूला जाए।

साथ ही कर संग्राहकों से भवनों का भौतिक सत्यापन कर प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य किया जाए।

स्वच्छता सर्वेक्षण पर फोकस, आईईसी गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने शहर की रैंकिंग सुधारने के लिए व्यापक आईईसी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

शहर को वाटर प्लस सर्टिफिकेट दिलाने के लिए सीवर लाइन नेटवर्क में तेजी लाने और नागरिकों को गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए जोन, वार्ड और कॉलोनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

नगर पंचायत कैमोर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और जनभागीदारी से स्वच्छता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश देते हुए इस बार फाइव स्टार रैंकिंग हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया।

परियोजनाओं का मौके पर निरीक्षण

अपर मुख्य सचिव श्री दुबे ने अमीरगंज स्थित एमएसडब्ल्यू प्लांट का निरीक्षण कर लीगेसी वेस्ट के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।

माधवनगर के 7.50 एमएलडी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान शेष कार्यों में देरी पर नाराज़गी जताते हुए काम में तेजी लाने को कहा।

इसके अलावा बिलहरी मोड़ झिंझरी फेस-1, बस स्टैंड स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम, प्रस्तावित लाइब्रेरी और कैफेटोरिया सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button