प्रशासनमध्यप्रदेश

बहोरीबंद जनसुनवाई में कलेक्टर तिवारी का सख्त रुख 117 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, पेंशन–धान भुगतान–पेयजल पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बहोरीबंद जनसुनवाई में कलेक्टर तिवारी का सख्त रुख 117 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, पेंशन–धान भुगतान–पेयजल पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम बहोरीबंद  –जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को आमजन के और करीब लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी मंगलवार को विकासखंड बहोरीबंद में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। यहां उन्होंने पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ 117 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी निगमायुक्त हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम बहोरीबंद राकेश कुमार चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

पेंशन और जीपीएफ भुगतान में लापरवाही पर नाराजगी

जनसुनवाई के दौरान बहोरीबंद निवासी रीतू बर्मन ने बताया कि उनकी मां श्रीमती सावित्री देवी वर्मा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाकल में एएनएम के पद से 31 अगस्त 2016 को सेवानिवृत्त हो चुकी हैं। पेंशन स्वीकृत होने के बावजूद अब तक शेष पेंशन राशि और जीपीएफ का भुगतान नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने सीएमएचओ एवं बीएमओ बहोरीबंद को तत्काल लंबित राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

किसानों के धान भुगतान का मामला गंभीर

बहोरीबंद निवासी राजभान ने बताया कि उन्होंने 12 दिसंबर को उपार्जन केंद्र सिन्दुरसी में 110 क्विंटल धान की तुलाई कराई थी, जिसकी राशि 2 लाख 62 हजार 485 रुपये बनती है, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। इसी तरह ग्राम सिन्दुरसी निवासी पुरेन्द्र कुमार पटेल ने 175 क्विंटल धान विक्रय के बाद भी राशि न मिलने की शिकायत की। कलेक्टर श्री तिवारी ने म.प्र. नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को किसानों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विकलांग हितग्राही को अनाज दिलाने के निर्देश

ग्राम पंचायत बहोरीबंद निवासी कृपाशंकर शुक्ला ने बताया कि वे 80 प्रतिशत विकलांग हैं और अंत्योदय कार्डधारी होने के बावजूद उन्हें नियमित अनाज नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने खाद्य विभाग को पात्रतानुसार तत्काल अनाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नल-जल योजना पर कार्रवाई के निर्देश

ग्राम पंचायत पड़बार के महाराजपुर मोहल्ले के ग्रामीणों ने नल-जल योजना का कार्य लंबे समय से बंद होने और पानी की टंकी अधूरी रहने की शिकायत की। कलेक्टर श्री तिवारी ने पीएचई विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

दूषित पानी की मौके पर जांच के आदेश

ग्राम पंचायत सिमरापटी के ग्राम डुडसरा निवासी खुशीलाल सेन ने नल-जल योजना से आ रहे दूषित पानी की शिकायत की और पानी का नमूना भी प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद पीएचई के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता को तत्काल पानी की गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट बुधवार को प्राप्त होगी।

कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के स्थायी समाधान का माध्यम है। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

Related Articles

Back to top button