धान उपार्जन में गड़बड़ी पर कलेक्टर का एक्शन, देर रात छापेमारी में ट्रैक्टर-ट्रॉली व दो पिकअप जप्त बिना पंजीयन ट्रैक्टर से 150 क्विंटल धान का अवैध परिवहन, तीन पर एफआईआर की तैयारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

धान उपार्जन में गड़बड़ी पर कलेक्टर का एक्शन, देर रात छापेमारी में ट्रैक्टर-ट्रॉली व दो पिकअप जप्त बिना पंजीयन ट्रैक्टर से 150 क्विंटल धान का अवैध परिवहन, तीन पर एफआईआर की तैयारी
कलयुग की कलम जबलपुर -धान उपार्जन व्यवस्था में अनियमितताओं और बिचौलियों की सक्रियता पर रोक लगाने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार देर रात की गई आकस्मिक जांच में दो अलग-अलग प्रकरणों में धान का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर व दो पिकअप वाहन जप्त किए गए।
कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद कुमार मिश्र एवं कनिष्ठ आपूर्ति नियंत्रक कुंजन सिंह राजपूत ने अंध-मूक बायपास के समीप बिना पंजीयन नंबर के महिंद्रा कंपनी के लाल रंग के ट्रैक्टर को दो ट्रॉलियों सहित पकड़ा। ट्रॉलियों में 380 बोरियों में लगभग 150 क्विंटल धान लोड था। पूछताछ में चालक दुर्गेश दुबे ने धान को सहजपुर स्थित खरीदी केंद्र ले जाने की जानकारी दी।
जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर मालिक दीवान सिंह पटेल नरसिंहपुर जिले का निवासी है, जबकि धान जबलपुर जिले के ग्राम बहरिया से कपिल पटेल के घर से लोड की गई थी। इसे शहपुरा तहसील के ग्राम नीची निवासी किसान राहुल पटेल के नाम पर स्लॉट बुक कर बेचने की तैयारी थी। प्रथम दृष्टया उपार्जन व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाने की पुष्टि होने पर ट्रैक्टर, दोनों ट्रॉलियां एवं धान को जप्त कर गढ़ा थाने की सुपुर्दगी में दिया गया है। इस मामले में ट्रैक्टर मालिक, चालक और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में मंगलवार देर रात पाटन चौराहे के पास धान से लदे दो पिकअप वाहनों को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। दोनों पिकअप को पाटन थाने की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।वहीं गोसलपुर के समीप तीन ट्रकों को भी धान परिवहन करते रोका गया। टोल नाका के पास दस्तावेजों की जांच के बाद कागजात सही पाए जाने पर ट्रकों को छोड़ दिया गया।



