खेतों तक पहुंचा तेंदुआ, उमरियापान के गांवों में दहशत लगातार दिखने से ग्रामीण सहमे, दो बकरियों का शिकार; वन विभाग अलर्ट, निगरानी दल तैनात
कलयुग की कलम से राकेश यादव

खेतों तक पहुंचा तेंदुआ, उमरियापान के गांवों में दहशत लगातार दिखने से ग्रामीण सहमे, दो बकरियों का शिकार; वन विभाग अलर्ट, निगरानी दल तैनात
कलयुग की कलम उमरिया पान -कटनी जिले के उमरियापान से सटे ग्रामीण अंचलों में तेंदुए की सक्रियता से भय का माहौल बन गया है। बीते कई दिनों से अलग-अलग गांवों में तेंदुए के दिखाई देने की खबरें सामने आ रही हैं। खेतों पर तकवारी कर रहे किसान और ग्रामीण खासे डरे हुए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों के अनुसार तेंदुए की गतिविधि मुड़िया पुरवा, टोपी, घुघरा, घुघरी, धौरेशर, छोटा कछारगांव और पचपेढ़ी सहित आसपास के इलाकों में देखी गई है। तेंदुए द्वारा दो बकरियों का शिकार किए जाने की पुष्टि भी हुई है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
रविवार को ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने वन अमले के साथ मुड़िया पुरवा के पहाड़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया। वन विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि वे अकेले जंगल, खेत या पहाड़ी क्षेत्रों में न जाएं और विशेष सावधानी बरतें।
स्थानीय ग्रामीणों वैभव चौरसिया, रमाकांत चौरसिया सहित अन्य लोगों ने तेंदुए को जल्द रेस्क्यू कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़े जाने की मांग की है। वन विभाग ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी दल गठित किया है। साथ ही अपील की गई है कि तेंदुए के दिखने की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचते हुए सतर्कता बनाए रखें।



