प्रशासनमध्यप्रदेश

खनन में बकाया पर प्रशासन का कड़ा प्रहार डेड रेंट नहीं चुकाने पर चार मार्बल खदानों की निरस्तीकरण कार्रवाई प्रस्तावित

कलयुग की कलम से राकेश यादव

खनन में बकाया पर प्रशासन का कड़ा प्रहार डेड रेंट नहीं चुकाने पर चार मार्बल खदानों की निरस्तीकरण कार्रवाई प्रस्तावित

कलयुग की कलम कटनी -जिले में संचालित खनिज खदानों में शासकीय देयकों की अनदेखी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बीते वर्षों से मृतकर (डेड रेंट) निर्धारित समय-सीमा में जमा नहीं कराने वाली चार मार्बल खदानों के पट्टे निरस्त करने का प्रस्ताव कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा संचालक, खनिज प्रशासन भोपाल को भेजा गया है।

इसके साथ ही वर्तमान में डेड रेंट बकाया रखने वाले अन्य सभी खदान धारकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित आगामी समय-सीमा में अनिवार्य किराया जमा नहीं करने की स्थिति में इनके विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री तिवारी ने खनिज अमले को निर्देश दिए हैं कि अन्य शासकीय कर एवं शुल्क जमा नहीं करने वाले खदान संचालकों की सूची तैयार कर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो।

अवैध गतिविधियों पर लगाम, रेत खदानों के रास्ते किए अवरुद्ध

खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले की रेत खदानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान बरही तहसील अंतर्गत संचालित रेत खदानों में चिन्हित किए गए अस्थायी रैम्प एवं कच्चे मार्गों का विनष्टीकरण किया गया।

पिपरिया कला, खिरहनी एवं बहिरघटा ग्रामों में खदानों तक जाने वाले अस्थायी कच्चे रास्तों को जेसीबी मशीनों से ट्रेंच कर अवरुद्ध किया गया। इसके साथ ही घाट क्षेत्र में संग्रहित अवैध रेत को जब्त किया गया।

संयुक्त दल द्वारा पूर्व में स्वीकृत रेत भंडारण अनुज्ञप्तियों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में जिले की अन्य तहसीलों में स्वीकृत खदानों पर भी निरंतर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button