सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता अनिवार्य, लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कटनी आगमन की तैयारियों को लेकर समय-सीमा बैठक में कड़े निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता अनिवार्य, लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कटनी आगमन की तैयारियों को लेकर समय-सीमा बैठक में कड़े निर्देश
कलयुग की कलम कटनी -कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, समय-सीमा पत्रों, समग्र ई-केवाईसी, लंबित पेंशन प्रकरणों तथा धान उपार्जन की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण पूरी संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ किया जाए, किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर एवं अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा उपस्थित रहे।
लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने तहसीलदारों को लंबे समय से लंबित नामांतरण एवं सीमांकन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांकन से जुड़ी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में यदि बंदोबस्त की त्रुटि के कारण निराकरण संभव नहीं है, तो शिकायत बंद करने से पूर्व संबंधित बंदोबस्त त्रुटि का विधिवत प्रकरण दर्ज किया जाए।
ई-अटेंडेंस में लापरवाही पर सख्ती
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन में कटौती की जाए। साथ ही बैठक में लंबित पेंशन प्रकरणों एवं नगर निगम के भूमि आवंटन प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, जल संसाधन, स्कूल शिक्षा, वन, राजस्व, कृषि, सहकारिता, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कुटीर ग्रामोद्योग, सामाजिक न्याय एवं ऊर्जा विभाग की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को क्वालिटेटिव एनालिसिस कर समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए। विशेष रूप से राजस्व विभाग की तहसीलवार समीक्षा करते हुए पूरी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों पर फोकस
कलेक्टर श्री तिवारी ने 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कटनी आगमन को लेकर सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग, कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश देते हुए आवश्यकतानुसार पटवारी एवं आरआई की ड्यूटी लगाने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षा, कृषि, जनजातीय कार्य, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन तथा एमएसएमई विभाग को कार्यक्रम स्थल पर भव्य प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए।
समग्र ई-केवाईसी में धीमी प्रगति पर नाराजगी
समग्र ई-केवाईसी की समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत बहोरीबंद एवं नगर परिषद बरही में कम प्रगति पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश
बैठक में बताया गया कि पिछले एक सप्ताह में जिले में 1,552 अपार आईडी बनाई गई हैं। सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर ने जानकारी दी कि इसी अवधि में लगभग 700 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इस पर कलेक्टर ने कार्ययोजना बनाकर आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
धान उपार्जन की प्रगति की समीक्षा
धान उपार्जन की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 250 करोड़ रुपये के ईपीओ जनरेट किए जा चुके हैं तथा किसानों को 179 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। कलेक्टर ने आगामी उपार्जन को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर कांटों की संख्या बढ़ाने एवं सिकमी किसानों के शीघ्र सत्यापन के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री जितेंद्र पटेल, सभी डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम, जिला पंजीयक श्री पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती विभा मरकाम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्री विमल चौरसिया, जिला रोजगार अधिकारी श्री डी.के. पासी, जिला पेंशन अधिकारी श्रीमती नीतू गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी श्री रत्नेश दीक्षित, महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह चौहान, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री सज्जन सिंह परिहार, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



