जल है तो कल है—ढीमरखेड़ा की भमका ग्राम पंचायत में गूंजा जल संरक्षण का संदेश वाटरशेड महोत्सव में निकली जल यात्रा, तालाब–खेत तालाब कार्यों का लोकार्पण, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जल है तो कल है—ढीमरखेड़ा की भमका ग्राम पंचायत में गूंजा जल संरक्षण का संदेश वाटरशेड महोत्सव में निकली जल यात्रा, तालाब–खेत तालाब कार्यों का लोकार्पण, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा -“जल है तो जीवन है”, “जल बचाओ—जीवन बचाओ” जैसे प्रेरक नारों के साथ ढीमरखेड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत भमका में वाटरशेड महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा।
महोत्सव के अंतर्गत जल यात्रा निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणजनों, मातृशक्तियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। स्थानीय महिलाओं ने सिर पर मिट्टी के कलश रखकर तथा हाथों में जल संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर गांव में भ्रमण किया और पानी की एक-एक बूंद बचाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संतोष दुबे, उपाध्यक्ष श्रीमती दुर्गा पारस पटेल, विधायक प्रतिनिधि, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं विकासखंड नोडल अधिकारी/प्रोजेक्ट लीडर श्री यजुवेंद्र कोरी, वाटरशेड परियोजना के जिला प्रभारी श्री कमलेश सैनी, मीडिया प्रभारी श्री योगेंद्र कुमार असाटी, जनपद सदस्य, सरपंच तथा बड़ी संख्या में जागरूक ग्रामीण एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
भूमि पूजन, लोकार्पण और वृक्षारोपण
जनपद पंचायत सीईओ एवं प्रोजेक्ट लीडर श्री यजुवेंद्र कोरी ने बताया कि वाटरशेड परियोजना क्रमांक 1 एवं 2 के अंतर्गत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े तालाब, खेत तालाब सहित करीब 13 कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संतुलन के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया।वाटरशेड जिला प्रभारी श्री कमलेश सैनी ने महोत्सव की महत्ता बताते हुए नागरिकों से जल की प्रत्येक बूंद को संरक्षित करने की अपील की।
नेटशेड का शुभारंभ
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता संतोष दुबे ने ग्राम पंचायत भमका में निर्मित नेटशेड का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस नेटशेड का उद्देश्य मौसमी सब्जियों के उन्नत बीज तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराना है, जिससे किसान अधिक उत्पादन कर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकें और अपनी आय बढ़ा सकें।
जल संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जागरूक नागरिकों एवं कर्मचारियों को जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सीईओ एवं वाटरशेड जिला प्रभारी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इनकी रही विशेष मौजूदगी
आयोजन में मेघा मौर्य, अजय केसरवानी, संतोष द्विवेदी, राहुल पंथ, शिवम यादव, विक्रम विश्वकर्मा, शशि दिवाकर दीक्षित, भूपेंद्र सिंह, अनुपम कुशवाहा, संतोष पाठक, अभिषेक भार्गव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्व सहायता समूह की महिलाएं, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



