स्लीमनाबाद में प्रशासन की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई—दो गोदामों से 2,200 क्विंटल धान जब्त, कलेक्टर तिवारी की कड़ी निगरानी का असर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्लीमनाबाद में प्रशासन की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई—दो गोदामों से 2,200 क्विंटल धान जब्त, कलेक्टर तिवारी की कड़ी निगरानी का असर
कलयुग की कलम कटनी -जिले में अवैध रूप से भंडारित धान के खिलाफ चल रही कार्रवाई गुरुवार को बड़ी उपलब्धि के साथ सामने आई, जब संयुक्त जांच दल ने स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम भूला और ग्राम टिकरिया स्थित दो गोदामों में छापामार कार्रवाई कर कुल 5,500 बोरियों में भरी लगभग 2,200 क्विंटल धान जब्त की। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा की गई यह अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही मानी जा रही है।
कलेक्टर तिवारी ने हाल ही में निर्देश जारी करते हुए गोदामों में रखे धान के भौतिक सत्यापन को अनिवार्य किया था, जिसके तहत गठित खाद्य, राजस्व एवं कृषि उपज मंडी के संयुक्त दल ने अचानक ग्राम भूला स्थित असाटी कृषि केंद्र की जांच की। यहां दुकान के भीतर गोदाम में 3,000 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित मिली। टीम ने तत्काल धान को जब्त कर 20 जनवरी तक इसके परिवहन और निकासी पर रोक लगा दी।
इसके बाद टीम ने ग्राम टिकरिया में विकास असाटी के नाम पर कृषि प्रयोजन हेतु लिए गए खेत का निरीक्षण किया, जहां लगभग 2,500 बोरी धान अनधिकृत रूप से रखा पाया गया। भंडारित धान के संबंध में विकास असाटी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच दल ने पूरा स्टॉक जब्त करते हुए इसे सुपुर्दनामे पर सौंप दिया और निकासी पर रोक लगा दी।
कार्रवाई के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार, सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्ला, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक देवेन्द्र तिवारी और कृषि उपज मंडी से अभय दुबे उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही कलेक्टर तिवारी ने जिले में धान की अवैध खरीद–फरोख्त, परिवहन और भंडारण पर विशेष निगरानी के आदेश दिए थे। इस क्रम में कई कार्रवाइयाँ पहले भी की जा चुकी हैं और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे निरीक्षण व कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेंगी।



