उमरिया पान दशहरा पर्व में पुलिस प्रशासन की सराहनीय भूमिका, दुर्गा उत्सव समिति ने थाना प्रभारी एवं वन मंडल अधिकारी को चुनरी व श्रीफल भेंट कर किया सम्मानित,
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरिया पान दशहरा पर्व में पुलिस प्रशासन की सराहनीय भूमिका, दुर्गा उत्सव समिति ने थाना प्रभारी एवं वन मंडल अधिकारी को चुनरी व श्रीफल भेंट कर किया सम्मानित,
कलयुग की कलम उमरिया पान – कटरा बाजार दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित दसदिनी शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण समापन में पुलिस प्रशासन की भूमिका अतुलनीय और सराहनीय रही। पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण से लेकर आम जनमानस की सुविधा तक हर स्तर पर पुलिस टीम ने तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। समिति द्वारा उनके इस उल्लेखनीय योगदान के लिए थाना प्रभारी दिनेश तिवारी और उनकी टीम को माता रानी की चुनरी एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुभाष चौरसिया, उपाध्यक्ष विजय दुबे, कार्यकारी अध्यक्ष बसोरीलाल चौरसिया, प्रमुख व्यवस्थापक शिवा चौरसिया सहित अन्य सदस्यों ने पुलिस टीम के समर्पण और सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही इस बार का दशहरा पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।
दस दिनों तक चले नवरात्र और दशहरा पर्व के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु रामलीला मंचन और देवी दर्शन के लिए उमड़ते रहे। इस दौरान भीड़ नियंत्रण, मार्ग व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और सुरक्षा चक्र को बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन थाना प्रभारी दिनेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ ने हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त, रणनीतिक प्वाइंट्स पर जवानों की तैनाती, उपद्रवियों पर कड़ी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई जैसे कार्यों से उन्होंने लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखा।

थाना प्रभारी दिनेश तिवारी ने न केवल कानून व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी, बल्कि उन्होंने क्षेत्रीय लोगों और आयोजकों से लगातार संवाद बनाए रखा और सभी से मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने का कार्य किया। उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों को समय रहते चेतावनी देकर कानूनी कार्रवाई से पहले ही कई संभावित घटनाओं को रोकने में सफलता पाई।
पुलिस प्रशासन के साथ-साथ वन विभाग द्वारा भी पर्व के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई गई। उमरिया पान वन मंडल क्षेत्र अधिकारी अजय मिश्रा द्वारा चल समारोह मार्गों पर पेड़-पौधों और पर्यावरण की सुरक्षा में योगदान देने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने के लिए उन्हें भी माता की चुनरी और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की सजगता, तत्परता और सहयोग के बिना इस स्तर का भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन संभव नहीं था। इस अवसर पर समिति ने भविष्य में भी इसी तरह जनता और प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।दशहरा पर्व के समापन पर पुलिस प्रशासन के प्रति जताई गई यह आभार भावना न केवल उनके कार्यों का सम्मान है, बल्कि समाज और प्रशासन के बीच आपसी सहयोग और विश्वास का प्रतीक भी है।




