उमरियापान: आंगनबाड़ी केंद्र के पास कचरे का अंबार, बच्चों के स्वास्थ्य पर संकट कूड़ेदान को नजरअंदाज कर लोग खुले स्थान पर फेंक रहे कचरा,
कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान: आंगनबाड़ी केंद्र के पास कचरे का अंबार, बच्चों के स्वास्थ्य पर संकट कूड़ेदान को नजरअंदाज कर लोग खुले स्थान पर फेंक रहे कचरा,
कलयुग की कलम उमरिया पान -नगर के सोसायटी क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के बाजू में फैला कचरे का अंबार बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। कचरा डालने के लिए बनाए गए कूड़ेदान को नजरअंदाज कर लोग खुले स्थान पर कचरा फेंक रहे हैं। इस लापरवाही के कारण गंदगी फैल रही है और सड़े-गले कचरे से उठ रही दुर्गंध ने स्थानीय निवासियों व आंगनबाड़ी में आने वाले छोटे-छोटे बच्चों का जीना दूभर कर दिया है।
प्रतिदिन दर्जनों मासूम बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में शिक्षा और पोषण के लिए आते हैं, लेकिन गंदगी और दुर्गंध से उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासी बताते हैं कि कई बार इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया, परंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सड़े कचरे की बदबू और गंदगी से बच्चों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ग्राम पंचायत को जल्द से जल्द इस गंभीर स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। कचरा निस्तारण की नियमित व्यवस्था की जाए और जिम्मेदार कर्मचारियों को इस ओर सजग किया जाए, ताकि आंगनबाड़ी आने वाले बच्चों और आसपास रहने वाले परिवारों को राहत मिल सके।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से निवेदन है कि खुले में कचरा फेंकने पर रोक लगाने के साथ-साथ स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। क्योंकि बच्चों का भविष्य और स्वास्थ्य नगर की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



