मध्यप्रदेश में अवैध निर्माणों पर प्रशासन का बुलडोजर चलना लगातार जारी है। प्रदेशभर में कई जगहों पर चल रही अतिक्रमण मुहिम से अवैध निर्माण करनेवालों में हड़कंप मचा हुआ है। रीवा में तो अधिकारियों ने सख्त तेवर दिखाते हुए अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई की है। यहां पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने 40 एकड़ की अवैध कॉलोनी ढहा दी है।

रीवा में बीहर नदी पर ही अतिक्रमण किया जा रहा है। नदी किनारे अनेक अवैध मकान, दुकान बना लिए गए हैं, यहां तक कि कॉलोनी का भी निर्माण कर लिया गया। सोमवार को यहां बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनी को ढहा दिया गया।
बताया जा रहा है कि रविवार को सीएम मोहन यादव ने अधिकारियों को जर्जर मकानों और अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा था। सीएम के निर्देश के बाद एसडीएम वैशाली जैन सक्रिय हुईं और प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 एकड़ जमीन पर बनी अवैध कॉलोनी पर जेसीबी चलवा दी।
अवैध कॉलोनी बीहर नदी के किनारे किनारे विकसित की जा रही थी। एसडीएम वैशाली जैन के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम ने जांच पड़ताल के बाद कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्य रुकवाए और जेसीबी चलवा दी।
एसडीएम वैशाली जैन ने सरपंच, सचिव और इंजीनियर को भी बुलवाया और उन्हें जमकर फटकार लगाई। एसडीएम ने सरपंच और सचिव पर कार्रवाई करने के भी पुलिस को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरपंच, सचिव ने कॉलोनाइजर को निर्माण की अनुमति दे दी जबकि इसका उन्हें कोई अधिकार ही नहीं है।
एसडीएम वैशाली जैन के अनुसार शहर भर में अवैध कॉलोनियों को चिन्हित किया जा रहा है। जांच में पाया गया था कि तालाब किनारे अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। यहां भविष्य में बड़ा हादसा होने की आशंका थी।