बेहतरीन काम का मिला इनाम कटनी पुलिस के 5 जांबाज़ सम्मानित, एसपी ने कहा – ऐसे ही बनती है मजबूत पुलिस
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बेहतरीन काम का मिला इनाम कटनी पुलिस के 5 जांबाज़ सम्मानित, एसपी ने कहा – ऐसे ही बनती है मजबूत पुलिस
कलयुग की कलम कटनी -जिले में पुलिसिंग को और अधिक मजबूत, संवेदनशील और परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने एक सराहनीय पहल करते हुए ‘साप्ताहिक पुरस्कार योजना’ की शुरुआत की है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराधों के सफल खुलासे और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की। इस अवसर पर सम्मानित होने वालों में निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा (थाना प्रभारी, कुठला), उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक 182 संतोष प्रजापति, सायबर सेल के आरक्षक 626 अजय शंकर तथा आरक्षक 568 लव उपाध्याय शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि यह पहल केवल पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पूरे पुलिस बल को ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ आम जनता की सेवा के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयासों से पुलिसिंग में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित होगी।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह से मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है, जिससे जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूती मिलती है।



