प्रशासनमध्यप्रदेश

अब स्कूल में ही बनेगा और अपडेट होगा आधार: कटनी में छात्रों के लिए बड़ा फैसला, गांव-गांव लगेगा विशेष कैंप,कलेक्टर के निर्देश पर 6 से 22 अप्रैल तक स्कूलों में आधार कैंप, विद्यार्थियों समेत योजनाओं के हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अब स्कूल में ही बनेगा और अपडेट होगा आधार: कटनी में छात्रों के लिए बड़ा फैसला, गांव-गांव लगेगा विशेष कैंप,कलेक्टर के निर्देश पर 6 से 22 अप्रैल तक स्कूलों में आधार कैंप, विद्यार्थियों समेत योजनाओं के हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

कलयुग की कलम कटनी – जिले में विद्यार्थियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक अहम पहल की है। अब स्कूलों में ही आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को आधार सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

प्रशासन द्वारा प्रत्येक विकासखंड के चयनित स्कूलों में 6 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच विशेष आधार कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में विद्यार्थियों के आधार से जुड़े सभी जरूरी कार्य, विशेष रूप से बायोमेट्रिक अपडेट, विद्यालय स्तर पर ही पूरे किए जाएंगे।

इन शिविरों में केवल छात्र ही नहीं, बल्कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थी भी अपने आधार कार्ड में आवश्यक सुधार और अपडेट कर सकेंगे। खासतौर पर ऐसे हितग्राही, जिनके आधार में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने के कारण ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है, उन्हें भी राहत मिलेगी। इस कार्य में रोजगार सहायक, पंचायत सचिव और पटवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे यूडीआईएसई-प्लस पोर्टल के माध्यम से उन विद्यार्थियों की सूची तैयार करें, जिनके आधार में बायोमेट्रिक अपडेट लंबित हैं। ऐसे छात्रों को कैंप में उपस्थित कराकर उनका आधार अपडेट सुनिश्चित किया जाएगा।

यह पहल विशेष रूप से बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) पर केंद्रित है। 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पर यह अपडेट अनिवार्य होता है, जिसमें फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैन और फोटो अपडेट किया जाता है। 15 से 17 वर्ष तक यह प्रक्रिया निःशुल्क रहती है, जबकि इसके बाद निर्धारित शुल्क लिया जाता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपडेटेड आधार कार्ड विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। स्कूल एडमिशन, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) जैसी सेवाओं का लाभ लेने के लिए आधार का अद्यतन होना जरूरी है।

अपार आईडी पर भी फोकस

कलेक्टर ने जिले में विद्यार्थियों की 100 प्रतिशत अपार आईडी बनाने के निर्देश भी दिए हैं। यह आईडी छात्रों के शैक्षणिक रिकॉर्ड—जैसे मार्कशीट, डिग्री, प्रमाण पत्र और अन्य उपलब्धियों—को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने में मदद करती है।

अपार आईडी बनाने के लिए जरूरी है कि यूडीआईएसई-प्लस पोर्टल में दर्ज छात्र का नाम आधार कार्ड से पूरी तरह मेल खाए। अपडेटेड आधार होने से यह प्रक्रिया आसान हो जाती है और छात्रों को भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं व अन्य सेवाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती।

प्रशासन का संदेश

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित आधार कैंपों में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ जरूर लें, ताकि भविष्य में किसी भी शासकीय सेवा या परीक्षा में कोई बाधा न आए।

Related Articles

Back to top button