Blogमध्यप्रदेश
कैथोलिक धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर मध्यप्रदेश में 2 दिनों का राजकीय शोक घोषित
कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट

भोपाल- दुनिया के प्रतिष्ठित धार्मिक नेता ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस का 21 अप्रैल को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर देश के साथ ही प्रदेश के नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। भारत सरकार ने पोप फ्रांसिस के निधन पर धर्मगुरु के सम्मान में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने 21 अप्रैल को ही इसकी घोषणा की। अब एमपी में भी पोप फ्रांसिस के निधन पर 2 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। राजकीय शोक की इस अवधि में राज्य में सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।
धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन पर मध्यप्रदेश सरकार ने 2 दिनों के राजकीय शोक का ऐलान किया है। एमपी के चीफ सेक्रेट्री अनुराग जैन ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर और कमिश्नर को निर्देश जारी कर दिए हैं। मध्यप्रदेश में 22 और 23 अप्रैल को राजकीय शोक रहेगा, उनके अंतिम संस्कार के दिन भी राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने यह आदेश जारी किया है। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव द्वारा दिया गया यह आदेश विभाग के उप सचिव प्रदीप जैन ने जारी किया है। राज्य के सभी कलेक्टर और कमिश्नर को आदेश भेज दिया गया है।




