वीडियोकॉन्फ्रेंस में सख्त संदेश: मार्च तक “हर घर नल से जल” पूरा करें, शिक्षा-स्वास्थ्य समन्वय पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

वीडियोकॉन्फ्रेंस में सख्त संदेश: मार्च तक “हर घर नल से जल” पूरा करें, शिक्षा-स्वास्थ्य समन्वय पर जोर
कलयुग की कलम कटनी -प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर्स-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के एजेंडा बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में रोजगार सृजन, उद्योग एवं निवेश, लोक सेवा प्रबंधन, सुशासन, कानून-व्यवस्था, ग्रामीण विकास तथा शिक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से आशीष तिवारी (कलेक्टर), अभिनय विश्वकर्मा (पुलिस अधीक्षक), तपस्या परिहार (निगमायुक्त), गर्वित गंगवार (डीएफओ) तथा नीलाम्बर मिश्रा सहित अन्य जिला अधिकारी वर्चुअली जुड़े।
मार्च तक ‘हर घर नल से जल’ का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की “हर घर नल से जल” योजनाओं के शेष कार्य मार्च माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा। ग्रामीण विकास की समीक्षा में आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदी अभियान को गति देने, महिलाओं को ऋण स्वीकृति दिलाने और रोजगार गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
नए शिक्षा सत्र की तैयारी समय पर पूरी करने का निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि 1 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले नए शिक्षा सत्र की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण हों। निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, छात्रावास अप्रैल में प्रारंभ करने तथा 3 से 6 वर्ष आयु के सभी बच्चों का आंगनवाड़ी में प्रवेश सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही 6 वर्ष तक के बच्चों के मानसिक विकास हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभागों के समन्वित प्रयास करने को कहा गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) से पहले सभी स्कूलों में बालिका शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एमएसएमई विस्तार और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ पर फोकस
उद्योग प्रोत्साहन के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एमएसएमई सेक्टर विकसित करने, “एक जिला-एक उत्पाद” योजना के अंतर्गत चयनित फसल को जीआई टैग दिलाने तथा उसकी मार्केटिंग और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने के संदर्भ में कृषि क्षेत्र में नवाचार बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
सोलर पंप, सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने पर जोर
पीएम गति शक्ति योजना के अंतर्गत किसानों को सोलर पंप लगाने हेतु प्रोत्साहित करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था की समीक्षा में संवेदनशील बस्तियों में सुरक्षा बलों और फायर ब्रिगेड की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण हटाने को कहा गया।
जनगणना, संकल्प अभियान और सड़क सुरक्षा की समीक्षा
बैठक में संकल्प से समाधान अभियान, आगामी जनगणना कार्य तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए तय समय सीमा में परिणाम देने पर जोर दिया।



